डोनेशन ऑन व्हील्स को दान
देने के लिए घर घर से आ रहे फोन
रायपुर, 14 अप्रैल 2020/ लॉक डॉऊन रायपुर के कारण जरूरतमंदों
को भोजन उपलब्ध कराने रायपुर के कलेक्टर डॉ.
एस. भारतीदासन की अपील पर अब घर घर से लोग फोन कर राशन के राहत पैकेट या राशि देने
के लिए जिला प्रशासन को लगातार फोन कर रहे हैं।
जिला प्रशासन के आपातकालीन खानपान व्यवस्था के नोडल अधिकारी व जिला पंचायत के सीईओ डॉ. गौरव
कुमार सिंह ने बताया कि हमें लगातार
रायपुर के हर दिशाओं से फोन आ रहे है। डोनेशन ऑन व्हील्स के माध्यम से नागरिकों को
दान करना काफी सुविधाजनक लग रहा है। घर - घर से बच्चे, माता-पिता और बुजुर्गगण इस
आपदा के समय अपनी सामर्थ्य क्षमता के अनुसार दान देना अपना कर्तव्य मान रहे हैं।
श्री गौरव कुमार सिंह ने बताया कि लोग अपने जन्मदिन में दूसरों की मदद करने के
लिए भी दान देने लगे हैं। इस संबंध में आज डोनेशन ऑन व्हील्स को राजेन्द्रनगर रायपुर में रहने वाली स्कूली
छात्रा रुचिका चौधरी ने अपने जन्मदिन पर 15 किलो चावल देकर अपना जन्मदिन सार्थक
किया। दिल्ली पब्लिक स्कूल रायपुर में पढ़ने वाली रुचिका का कहना है कि कोरोना
वायरस से बचने के लिए लोगों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए सभी को
सावधान रहने की जरूरत भी है। वह इस वर्ष 8वीं पास कर कक्षा 9वीं में गई है।
पेन्टिंग की हॉबी रखने वाली रुचिका इन दिनों सीनरी वाली पेंटिंग बना रही है। रुचिका
ने इस बात पर खुशी जाहिर की छत्तीसगढ़ सरकार लोगों की अच्छी तरह से देखभाल कर रही
है। इसी प्रकार आज आनंद नगर निवासी 76 वर्षीय रंजनदयाल ने अपनी पेंशन राशि में से
साढ़े 3 सौ रुपए दान में दिए।

Very good.....
ReplyDelete